उत्तर प्रदेश के आगरा में युवती पर हमला कर लात-घूंसों से पीटने वाले वंशी चाहर को पुलिस ने बुधवार रात को 12:30 बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बिचपुरी में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायर किया था। जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के अवधपुरी का है। घटना के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीसीपी सिटी ऑफिस के बाहर और अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने थाने पर प्रदर्शन किया था। इसमें आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि युवती पर हमले के आरोपी वंशी चाहर की गिरफ्तारी के लिए एसीपी दीक्षा सिंह के नेतृत्व में सिटी एसओजी और थाना पुलिस को लगाया गया था। बताया कि बुधवार देर रात सूचना मिली थी कि वह बिचपुरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। यहां से बाइक पर कहीं भागने की फिराक में है। इस पर टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर आरोपी ने फायर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने जवाब में गोली चलाई। इसमें उसके एक पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा। इस पर पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हे