उत्तर प्रदेश के मैनपुरी गांव ऊंचा इस्लामाबाद में सोमवार की सुबह एक मकान की कच्ची दीवार छप्पर के नीचे सो रही महिला पर गिर गई। चीख पुकार सुनकर पहुंचे परिजन ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटा कर महिला को बाहर निकाला। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किशनी की कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव ऊंचा इस्लामाबाद निवासी गीता देवी (40) का आधा मकान कच्चा और आधा पक्का बना हुआ है। पति बलवंत बाहर मेला आदि आयोजन में दुकान लगा कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। रविवार की रात को गीता कच्चे मकान वाले हिस्से में छप्पर के नीचे चारपाई डाल कर सो रही थी। सोमवार की सुबह करीब चार बजे अचानक कच्ची दीवार उन पर ढह गई। गीता की चीख पुकार सुनकर परिजन व आसपास रहने वाले ग्रामीण जाग गए। महिला को मलबा के नीचे दबा देख अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सभी ने मलबा को हटाने के बाद गीता देवी को बाहर निकाला। तब तक मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही जानकारी जुटाई।