उत्तर प्रदेश के आगरा में पूर्व मंत्री दयाराम प्रजापति सोमवार को एक हादसे में बाल-बाल बचे। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के राधा नगर में चढ़ाई पर ट्रेलर से फिसलकर हाइड्रा की मशीन पूर्व मंत्री की कार पर गिर गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान पूर्व मंत्री मामूली रूप से चोटिल हो गए। हादसे में एक बाइक भी दब गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर दिया। वहीं पूर्व मंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना रात करीब 9 बजे की है। राधा नगर निवासी दयाराम प्रजापति अपने गनर अतुल के साथ क्रेटा कार से मोहल्ले में ही स्थित अपने इंस्टीट्यूट पर जा रहे थे। मार्ग पर चढ़ाई होने की वजह से कार ऊपर चढ़ रही थी। वहीं ट्रेलर ढलान से उतरकर आ रहा था। उसमें हाइड्रा की मशीनरी लोड थी। अचानक ढलान पर दो मशीन ट्रेलर से पूर्व मंत्री की कार के पिछले हिस्से पर गिर गईं। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार दयाराम प्रजापति चला रहे थे। गनर बगल की सीट पर बैठा था। पूर्व मंत्री को चोट लगी। वहीं एक बाइक सवार चोटिल हो गया। इस दौरान एक भवन की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ट्रेलर का चालक भाग निकला। लोगों के जुटने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर ट्रेलर को हटवाया। थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना सुमनेश विकल ने बताया कि घायल पूर्व मंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रेलर में मशीन रखी थी। मगर, सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।