उत्तर प्रदेश में आगरा में ताजमहल की दीवानगी सैलानियों के सिर चढ़कर बोल रही है। पिछले 3 दिनों में 1.20 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने ताज का दीदार किया। सोमवार को आगरा फोर्ट, महताब बाग, एत्माद्उद्दौला व सिकंदरा के अलावा फतेहपुर सीकरी भी सैलानियों से गुलजार नजर आए। स्कूलों की छुट्टियों से पर्यटन सीजन की शुरुआत शानदार रही। अक्तूबर से मार्च तक आगरा में पर्यटक सीजन होता है। ऐसे में 30 सितंबर से उमड़ी भीड़ सोमवार को ताजमहल पर जारी रही। 41 हजार पर्यटक आए। रविवार को हुई अफरातफरी के बाद सोमवार को व्यवस्थाओं में सुधार दिखा।
टोकन से लेकर टिकट विंडो तक एएसआई, पुलिस व पर्यटनकर्मी तैनात रहे। अधिक भीड़ के कारण कतार में लगे बच्चे व बुजुर्गों को जरूर मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार को 33 हजार, रविवार को 46 हजार और सोमवार को 41 हजार तीन दिनों में कुल 1.20 लाख पर्यटक आगरा आए हैं। तीन दिनों में करीब 37 हजार पर्यटक आगरा किला पहुंचे। सोमवार को भी किले पर भीड़ रही। पर्यटकों की सुविधा के खास इंतजाम नहीं थे। रामलीला मैदान के सामने पार्किंग शुल्क को लेकर पर्यटकों व ठेकेदार में विवाद हुआ। पार्किंग स्थल पर मनमानी वसूली के आरोप लगे। यहां शुल्क का कोई बोर्ड नहीं लगा था। आगरा में तीन विश्व धरोहर स्मारक हैं। इनके अलावा बेबी ताज के नाम से मशहूर एत्माद्उद्दौला, महताब बाग, सिकंदरा भी छुट्टियों में पर्यटकों से गुलजार रहे। पर्यटक सीजन को लेकर पर्यटन कारोबारियों में उत्साह है।